हरियाणा पुलिस, HSSC CET और अन्य राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए 29 मई के करेंट अफेयर्स का यह अंक बेहद महत्वपूर्ण है। आज के राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों में राजनीति से लेकर खेल के मैदान और विज्ञान के क्षेत्र तक कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। आइए जानते हैं आज की मुख्य खबरें।
1. राजनीतिक उथल-पुथल: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफा

दक्षिण भारत के प्रमुख राज्य कर्नाटक से इस समय की सबसे बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है। 28 मई को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने बेंगलुरु में एक आपातकालीन प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर इसकी आधिकारिक घोषणा की।
- नए सीएम की रेस: इस्तीफे से एक दिन पहले सिद्धारमैया ने अपने सरकारी आवास पर मंत्रियों के साथ एक ब्रेकफास्ट मीटिंग की थी। कर्नाटक सरकार के कैबिनेट मंत्री एच.के. पाटिल के अनुसार, इस बैठक में सर्वसम्मति से अगले मुख्यमंत्री के रूप में डी.के. शिवकुमार के नाम पर मुहर लगाई गई है।
- प्रक्रिया: राज्यपाल थावरचंद गहलोत के बेंगलुरु से बाहर होने के कारण लिखित इस्तीफा राजभवन के अधिकारियों को सौंप दिया गया है। नियमानुसार, नया इस्तीफा मंजूर होने और अगले सीएम के शपथ लेने तक सिद्धारमैया ही कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। सिद्धारमैया इससे पहले 2013 और फिर 2023 में कर्नाटक के सीएम बने थे।
2. शोक समाचार: उर्दू गजल के मशहूर शायर डॉ. बशीर बद्र का 91 वर्ष की उम्र में निधन

साहित्य और कला जगत के लिए 28 मई का दिन बेहद दुखद रहा। आधुनिक उर्दू गजल को आम बोलचाल की बेहद सरल और खूबसूरत भाषा में ढालने वाले देश के महान शायर डॉ. बशीर बद्र का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के छात्र रहे डॉ. बशीर बद्र बाद में उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध मेरठ कॉलेज में उर्दू विभागाध्यक्ष भी रहे। उन्हें आधुनिक उर्दू शायरी में उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए साल 1999 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। इसी वर्ष उनके गजल संग्रह ‘आस’ के लिए उन्हें प्रतिष्ठित ‘साहित्य अकादमी पुरस्कार’ भी मिला था। ‘लोग टूट जाते हैं एक घर बनाने में’ और ‘रात आंखों में ढली पलकों पे जुगनू आए’ जैसी उनकी कालजयी गजलों को दिग्गज गायक जगजीत सिंह ने अपनी आवाज से अमर कर दिया था।
3. चेस वर्ल्ड में धमाका: आर. प्रज्ञानंद ने दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को दी मात

भारत के युवा चेस सनसनी और ग्रैंडमास्टर रमेशबाबू प्रज्ञानंद (R Praggnanandhaa) ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक बार फिर तिरंगा लहराया है। ‘नॉर्वे चेस 2026’ टूर्नामेंट के तीसरे राउंड में प्रज्ञानंद ने दुनिया के नंबर-1 चेस खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को क्लासिकल शतरंज फॉर्मेट में हराकर इतिहास रच दिया।
10 वर्ष की उम्र: सबसे युवा इंटरनेशनल मास्टर ➔ 12 वर्ष की उम्र: दुनिया के दूसरे सबसे युवा ग्रैंडमास्टर ➔ 2022: मिला अर्जुन अवॉर्ड ➔ 2026: मैग्नस कार्लसन को क्लासिकल फॉर्मेट में दी पटखनी
स्टेवेंजर (नॉर्वे) में खेले जा रहे इस मुकाबले में कार्लसन को मात देने वाले प्रज्ञानंद भारत के सबसे कम उम्र के सफलतम खिलाड़ियों में से एक हैं। वे FIDE सर्किट जीतकर कैंडिडेट्स टूर्नामेंट 2026 के लिए क्वालीफाई करने वाले पहले भारतीय बने थे।
4. पैरा एथलेटिक्स: सुमित अंतिल ने 74.82 मीटर भाला फेंककर फिर तोड़ा अपना ही वर्ल्ड रिकॉर्ड
बेंगलुरु में आयोजित हो रही ‘8वीं इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप’ में भारत के स्टार पैरा जैवलिन थ्रोअर (भाला फेंक खिलाड़ी) सुमित अंतिल ने एक नया इतिहास रच दिया है। सुमित ने जैवलिन थ्रो की F64 स्पर्धा में 74.82 मीटर का हैरतअंगेज थ्रो करके अपना ही पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया।
यह सुमित अंतिल के करियर का सातवां वर्ल्ड रिकॉर्ड है। इससे पहले उन्होंने चीन के हांगझोउ में हुए एशियन पैरा गेम्स 2023 में 73.29 मीटर का रिकॉर्ड बनाया था। बेंगलुरु में चल रही इस इंटरनेशनल चैंपियनशिप में भारत सहित 7 देशों के 300 से अधिक पैरा एथलीट भाग ले रहे हैं।
5. विज्ञान और तकनीक: भारत का पहला ‘सुपर प्रेशर बैलून’ आंध्र प्रदेश से हुआ लॉन्च

Disaster Management (आपदा प्रबंधन) और मौसम विज्ञान के क्षेत्र में भारत को एक बड़ी तकनीकी कामयाबी मिली है। 28 मई को देश का पहला ‘सुपर प्रेशर बैलून 2026’ सफलता पूर्वक लॉन्च किया गया। इसे ‘रेड बैलून एयरोस्पेस’ नाम की कंपनी ने विकसित किया है।
मिशन SANA: आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से छोड़े गए इस बैलून प्लेटफॉर्म (VISTA) को ‘मिशन SANA’ नाम दिया गया है। यह एक विशेष हाई-एल्टीट्यूड गुब्बारा है जो लंबे समय तक समताप मंडल (Stratosphere) में एक ही ऊंचाई पर स्थिर रह सकता है। इसका मुख्य उपयोग सटीक टेलीकम्युनिकेशन, एनवायरमेंटल मॉनिटरिंग, रियल-टाइम डिजास्टर मैनेजमेंट और देश की रणनीतिक सुरक्षा निगरानी (Strategic Surveillance) के लिए किया जाएगा।
6. राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय संक्षिप्त सुर्खियां (सिक्किम पुलिस और पीएम मोदी का फ्रांस दौरा)
- सिक्किम पुलिस को मिला ‘प्रेसिडेंट कलर्स’: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गंगटोक के पालजोर स्टेडियम में सिक्किम पुलिस को देश के सर्वोच्च पुलिस सम्मान ‘प्रेसिडेंट कलर्स’ (Official Flag & Insignia) से सम्मानित किया। सिक्किम यह सम्मान पाने वाला पूर्वोत्तर का तीसरा और देश का 15वां राज्य बल बना है।
- पीएम मोदी का फ्रांस और स्लोवाकिया दौरा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने (जून 2026) फ्रांस के एवियां-ले-बैंस शहर में आयोजित होने वाले 52वें G7 समिट में हिस्सा लेने जाएंगे। इसके बाद वे स्लोवाकिया का दौरा करेंगे, जो किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की स्लोवाकिया की पहली आधिकारिक यात्रा होगी। फरवरी 2026 में स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी भारत दौरे पर आए थे।
7. आज का इतिहास (29 मई)
- 1953 (माउंट एवरेस्ट पर पहली फतह): न्यूजीलैंड के एडमंड हिलेरी और नेपाल के शेरपा तेनजिंग नोर्गे ने आज ही के दिन दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर पहली बार कदम रखकर इतिहास रचा था।
- 1968 (दारा सिंह विश्व चैंपियन): भारत के महान पहलवान और अभिनेता दारा सिंह ने पहलवानी में विश्व चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया था।
- 1972 (पृथ्वीराज कपूर का निधन): भारतीय सिनेमा और थिएटर के पितामह कहे जाने वाले दिग्गज अभिनेता पृथ्वीराज कपूर का आज ही के दिन निधन हुआ था।


