1 जून के करेंट अफेयर्स: जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि बने देश के नए CDS, एथलीट गुलवीर सिंह और हाई-जम्पर पूजा सिंह ने रचा इतिहास

1 जून के करेंट अफेयर्स

UPSC,SSC,BANK,HSSC ,CET), हरियाणा पुलिस और अन्य राज्य व राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए 1 जून के करेंट अफेयर्स का यह अंक बेहद महत्वपूर्ण है। आज के घटनाक्रमों में देश की सैन्य व्यवस्था से लेकर खेल के मैदान तक कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज किए गए हैं।

1. भारतीय सेना में महा-बदलाव: जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि बने देश के नए CDS

जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि बने देश के नए CDS

भारत सरकार ने सैन्य कमान में एक बहुत बड़ा फेरबदल करते हुए जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि को देश का नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है। उन्होंने 31 मई को आधिकारिक तौर पर अपना पदभार संभाल लिया, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के साउथ ब्लॉक लॉन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

  • तीसरे CDS: जनरल सुब्रमणि देश के तीसरे चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ हैं। उन्होंने जनरल अनिल चौहान की जगह ली है, जो शनिवार को सेवानिवृत्त (Retire) हुए थे। इसके साथ ही वे रक्षा मंत्रालय में डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स (DMA) के प्रमुख का दायित्व भी संभालेंगे।
  • सैन्य सफर: 14 दिसंबर 1985 को गढ़वाल राइफल्स की 8वीं बटालियन में कमीशन पाने वाले जनरल सुब्रमणि भारतीय सेना की सबसे खतरनाक स्ट्राइक कोर ‘खड्ग कोर’ के कमांडर, नॉर्दन कमांड के चीफ ऑफ स्टाफ और वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (2024) जैसी कई महत्वपूर्ण और रणनीतिक कमानों को लीड कर चुके हैं।

2. नौसेना की कमान: एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन बने देश के 27वें नेवल चीफ

एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन बने देश के 27वें नेवल चीफ

सैन्य फेरबदल की इसी कड़ी में एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने भारतीय नौसेना के 27वें चीफ ऑफ नेवल स्टाफ (CNS) के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी का स्थान लिया है।

एडमिरल स्वामीनाथन 1 जुलाई 1987 को भारतीय नौसेना में शामिल हुए थे और उन्हें कम्यूनिकेशन व इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर का बेहतरीन विशेषज्ञ माना जाता है। वे अपने शानदार करियर में INS विक्रमादित्य, INS मैसूर और INS कुलिश जैसे अत्याधुनिक फ्रंटलाइन युद्धपोतों की कमान संभाल चुके हैं। उन्हें उनकी उत्कृष्ट और विशिष्ट सेवाओं के लिए साल 2021 में परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM) से सम्मानित किया जा चुका है।

3. खेल जगत में ऐतिहासक पल: 4 मिनट से कम में रेस पूरी करने वाले पहले भारतीय बने गुलवीर सिंह

गुलवीर ने ये दौड़ 3 मिनट 55.63 सेकंड में पूरी की।

भारतीय एथलेटिक्स के इतिहास में 30 मई का दिन सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया है। भारत के स्टार धावक गुलवीर सिंह ने अमेरिका के टेनेसी में आयोजित ‘म्यूजिक सिटी ट्रैक कार्निवल’ में इतिहास रच दिया।

गुलवीर सिंह की दौड़: 1 माइल (लगभग 1.6 किमी) ➔ कुल समय: 3 मिनट 55.63 सेकंड ➔ 4 मिनट का बैरियर तोड़ने वाले पहले भारतीय एथलीट बने

गुलवीर सिंह ने 1 माइल (लगभग 1.6 किलोमीटर) की इस दौड़ को मात्र 3 मिनट 55.63 सेकंड में पूरा कर ‘4 मिनट’ के ऐतिहासिक बैरियर को तोड़ दिया। वे ऐसा करने वाले देश के पहले एथलीट बन गए हैं। इससे पहले गुलवीर एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में 5000 मीटर और 10,000 मीटर रेस में डबल गोल्ड मेडल भी जीत चुके हैं।

4. हांगकांग में पूजा सिंह का धमाका: 14 साल पुराना नेशनल रिकॉर्ड तोड़कर जीता गोल्ड

14 साल पुराना नेशनल रिकॉर्ड तोड़कर जीता गोल्ड

हांगकांग में आयोजित हो रही ‘एशियाई अंडर-20 (U20) एथलेटिक्स चैंपियनशिप’ से भारत के लिए एक और बड़ी खुशखबरी आई है। देश की 19 वर्षीय होनहार हाई-जम्पर पूजा सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1.93 मीटर की ऊंची छलांग लगाकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

पूजा ने इसके साथ ही साल 2012 में सहाना कुमारी द्वारा बनाए गए 1.92 मीटर के 14 साल पुराने नेशनल रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। दिलचस्प बात यह है कि सहाना कुमारी ही इस समय पूजा सिंह की कोच हैं। इस ऐतिहासिक छलांग के साथ ही पूजा ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए निर्धारित क्वालिफिकेशन मार्क को भी पार कर लिया है और वे भारत के सीनियर महिला हाई-जम्प रिकॉर्ड की बराबरी पर पहुंच गई हैं।

5. व्यापार व नीति: 1 जून से कपास (कॉटन) पर आयात शुल्क में मिली बड़ी छूट

रिपोर्ट के मुताबिक 4.5 करोड़ लोग टेक्सटाइल इंडस्ट्री से जुड़े हैं।

टेक्सटाइल इंडस्ट्री को बड़ी राहत: केंद्र सरकार ने देश के कपड़ा और परिधान उद्योग को मजबूत करने के लिए 1 जून से कपास के आयात पर लगने वाले 11% सीमा शुल्क (Customs Duty) को अस्थायी रूप से हटा दिया है। यह विशेष छूट 31 अक्टूबर तक लागू रहेगी।

इस फैसले के तहत सीमा शुल्क टैरिफ अधिनियम के तहत आने वाले कॉटन पर से 5% बेसिक कस्टम ड्यूटी (BCD) और 6% कृषि अवसंरचना एवं विकास उपकर (AIDC) को पूरी तरह शून्य कर दिया गया है। इस कदम से देश के MSME आधारित वस्त्र उद्योगों को कच्चे माल की किल्लत से बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में भारत की गारमेंट और टेक्सटाइल इंडस्ट्री से लगभग 4.5 करोड़ लोग प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हैं।

6. राष्ट्रीय संक्षिप्त सुर्खियां

39वें राष्ट्रीय खेल 2027 में 10,000 से ज्यादा एथलीट के हिस्सा लेने की संभावना है।
  • म्यांमार के राष्ट्रपति का भारत दौरा: म्यांमार के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग पीएम मोदी के विशेष निमंत्रण पर 5 दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे हैं। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने उनसे मुलाकात कर भारत-म्यांमार के बीच 1,640 किलोमीटर लंबी सीमा सुरक्षा, कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट्स और ‘नेबरहुड फर्स्ट पॉलिसी’ के तहत द्विपक्षीय व्यापार पर विस्तृत चर्चा की।
  • मेघालय करेगा 39वें राष्ट्रीय खेल 2027 की मेजबानी: मेघालय सरकार ने शिलांग में इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) की अध्यक्ष पीटी उषा और खेल मंत्री मनसुख मंडाविया की उपस्थिति में ‘होस्ट स्टेट एग्रीमेंट’ पर हस्ताक्षर किए हैं। असम और मणिपुर के बाद मेघालय राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करने वाला पूर्वोत्तर का तीसरा राज्य बनेगा, जहां 2027 में 10,000 से अधिक एथलीट हिस्सा लेंगे।

7. आज का इतिहास (1 जून)

  • 1874 (ईस्ट इंडिया कंपनी का अंत): ब्रिटिश संसद के एक विशेष अधिनियम (Act) के तहत भारत पर लंबे समय तक राज करने वाली ‘ईस्ट इंडिया कंपनी’ को आज ही के दिन आधिकारिक रूप से पूरी तरह भंग कर दिया गया था।
  • 1930 (डक्कन क्वीन की शुरुआत): भारत की पहली लग्जरी और डीलक्स ट्रेन ‘डक्कन क्वीन’ को आज ही के दिन बॉम्बे वीटी (अब सीएसएमटी) और पुणे के बीच हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था।
  • 1955 (अस्पृश्यता निवारण कानून): देश में छुआछूत (अस्पृश्यता) को पूरी तरह प्रतिबंधित करने और इसे एक दंडनीय अपराध घोषित करने के लिए आज ही के दिन ‘अस्पृश्यता अपराध अधिनियम, 1955’ लागू किया गया था।
  • 1929 (अभिनेत्री नरगिस दत्त का जन्म): भारतीय सिनेमा की कालजयी फिल्म ‘मदर इंडिया’ की मुख्य अभिनेत्री और दिग्गज कलाकार नरगिस दत्त का जन्म आज ही के दिन हुआ था।

Abhishek Ranga is the founder and editor-in-chief of Sach Ka Samay News. With a commitment to journalistic integrity, he focuses on delivering accurate, unbiased, and real-time news to the public. He oversees the digital strategy and content management for the portal, ensuring that every story meets the highest standards of reporting